उत्तराखंड

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक

देहरादून :  भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में जनपद देहरादून में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों एवं संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के विवरण से संबंधित एनोमली एवं नो-मैपिंग मामलों, मतदाताओं को जारी नोटिसों, सुनवाई की प्रगति तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार समीक्षा की गई। जनपद की 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 11,90,805 मतदाता हैं। इनमें एनोमली से संबंधित 3,95772 तथा नो-मैपिंग से संबंधित 1,52,170 प्रकरण चिन्हित किए गए हैं। जनपद में एनोमली एवं नो-मैपिंग से संबंधित मामलों में सुनवाई की जा चुकी है। जांच एवं सुनवाई के दौरान 29,929 मतदाता अपात्र पाए गए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी मामलों में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में अभिलेखों एवं उपलब्ध दस्तावेजों का समुचित सत्यापन करने के उपरांत ही नियमानुसार निर्णय लिया जाए तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से प्रभावित न हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली, भारतीय जनता पार्टी से अरविंद जैन, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से सुनील जायसवाल, बहुजन समाज पार्टी से सतेन्द्र सिंह एवं सतेन्द्र चोपड़ा तथा आम आदमी पार्टी से कमल राणा उपस्थित रहे। जनपद के समस्त संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) बैठक से ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *