Tuesday, September 1, 2026
Latest:
उत्तराखंड

ड्रग फ्री उत्तराखंड से विकसित भारत-2047 तक, बनबसा में सीएम धामी का युवाओं से संवाद

मुख्यमंत्री बोले- पारदर्शिता, निष्ठा और अनुशासन ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी

बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सुमंगलम होटल, बनबसा में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से सीधे संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए और शिक्षा, रोजगार, नशामुक्ति, नकल विरोधी कानून, खेल, विज्ञान एवं तकनीक सहित विभिन्न विषयों पर सरकार की योजनाओं और प्राथमिकताओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल, समाज सेवा, स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली स्थानीय युवा प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

युवाओं को दिया निष्ठा और अनुशासन का संदेश

छात्रा मिलन कलखुड़िया ने मुख्यमंत्री से उनके जीवन सफर को लेकर सवाल किया। जवाब में मुख्यमंत्री ने अपने बचपन, शिक्षा, युवावस्था और राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कोई व्यक्ति जन्म से महान नहीं होता, बल्कि अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए महान बनता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निष्ठा, परिश्रम और अनुशासन व्यक्ति को सफलता की ओर ले जाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपने जीवन में अनुशासन को अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

टनकपुर में परीक्षा केंद्र के लिए उचित प्रयास का आश्वासन

छात्रा प्रीति पांडे ने नकल विरोधी कानून की सराहना करते हुए स्थानीय स्तर पर परीक्षा केंद्र टनकपुर में बनाए जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में परीक्षा केंद्र स्थापित करने के लिए उचित प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने से प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ी है। अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।

‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ के लिए युवाओं से सहयोग की अपील

छात्र रोहित शर्मा के नशे से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री ने ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ अभियान का उल्लेख करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही मजबूत उत्तराखंड और विकसित भारत की नींव रख सकते हैं।

चंपावत में बनेगा अत्याधुनिक साइंस सेंटर

छात्र सुमित सिंह नायक के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत में करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। इससे क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीक से जुड़ी नई जानकारी और आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चंपावत में आधुनिक पुस्तकालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस सेंटर और राज्य के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

युवा आयोग युवाओं को देगा नई दिशा

छात्र नमन पुरी के युवा आयोग से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में युवा आयोग का गठन किया जा रहा है। यह आयोग प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए अल्मोड़ा, चमोली और पौड़ी जैसे जिलों में औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं।

युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की करीब 65 प्रतिशत आबादी युवा है और यही युवा शक्ति 21वीं सदी में भारत की सबसे बड़ी ताकत है। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सही दिशा और मार्गदर्शन मिलने पर युवा देश का भविष्य बदलने की क्षमता रखते हैं।

उन्होंने युवाओं से अपने ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

इन युवा प्रतिभाओं को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इनमें NEET परीक्षा में सफल बसटिया की हिमानी विश्वकर्मा, अमेजॉन में 47 लाख रुपये वार्षिक पैकेज हासिल करने वाली बिचई की श्वेता चंद और राष्ट्रीय पैरा आर्म रैसलिंग में स्वर्ण पदक विजेता टनकपुर के पवन गढ़कोटी शामिल रहे।

इसके अलावा खेल एवं दिव्यांग कल्याण में राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार विजेता बनबसा के संदीप रस्तोगी, निःशुल्क गौ सेवा करने वाले पवन मेहता, नशा मुक्ति अभियान संचालक मनीष सिंह तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहीं अजंता विजय को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने बागवानी के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने वाले चंपावत के कमल गिरी, माउंट एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही वीरेंद्र सिंह सामंत, लोक संस्कृति एवं मीडिया इंफ्लुएंसर तरुण भट्ट तथा युवतियों को सेना एवं पुलिस भर्ती की निःशुल्क ट्रेनिंग देने वाली बनबसा की अरुणिमा रावत को भी उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनन्द सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, जिला महामंत्री मुकेश कलखुडिया, प्रभारी गुंजन सुखीजा, सह प्रभारी नितिन देउपा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *