नीति घाटी में लापता BRO हवलदार पंकज की तलाश तेज, सीएम धामी ने परिजनों से फोन पर की बात
देहरादून। चमोली की नीति घाटी में भारी बारिश के कारण उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए BRO के हवलदार पंकज की तलाश के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को प्रभावी निर्देश दिए हैं। हवलदार पंकज के परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की अपील की थी, जिसका मुख्यमंत्री ने स्वतः संज्ञान लिया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी की जाए और अभियान में हरसंभव तेजी लाई जाए। सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें लगातार लापता हवलदार की तलाश में जुटी हुई हैं।
परिजनों से लगातार संपर्क में प्रशासन
हवलदार पंकज मूल रूप से पिथौरागढ़ के निवासी हैं। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने उनके परिजनों से संवाद कर प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय भी परिवार के संपर्क में है और खोज अभियान की प्रगति की लगातार जानकारी ली जा रही है।
सीएम धामी ने परिजनों से फोन पर की बात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हवलदार पंकज के परिजनों से दूरभाष पर वार्ता कर उनका हाल जाना। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए हवलदार पंकज की तलाश को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए।
सीएम धामी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
